Breaking
Thu. Jun 4th, 2026

टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में नई जिम्मेदारी संभालने पर डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव का सम्मान

जमशेदपुर: टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में मुख्य चिकित्सा सेवा अधिकारी (हेड मेडिकल सर्विसेज) के पद पर डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव के पदभार ग्रहण करने पर गुरुवार को सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत की ओर से उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी के नेतृत्व में उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने डॉ. श्रीवास्तव का सामूहिक अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं सेंट्रल पीस कमेटी के वरिष्ठ सदस्य नंदलाल सिंह, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबू वीरेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, उपेंद्र तिवारी, लैला तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डी.डी. त्रिपाठी ने कहा कि टाटा समूह अपनी नैतिक मूल्यों, कार्य संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि टाटा कंपनी ने हमेशा यह साबित किया है कि उद्योग केवल उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन का भी एक सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में टाटा मोटर्स हॉस्पिटल की चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनेंगी तथा कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सम्मान से अभिभूत डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सा पेशा सेवा और सामाजिक दायित्वों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मरीजों की बेहतर देखभाल और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा और वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

समारोह के दौरान चिकित्सक डॉ. जयंत का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने अस्पताल की प्रगति और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की कामना की।

Related Post