जमशेदपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल (AMURT) एवं प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP) जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ कई जिंदगी” अभियान के तहत सात दिवसीय नि:शुल्क पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 30 मई से 5 जून तक चल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण का मूल कारण मनुष्य का दूषित और संकीर्ण मन है। जब तक मनुष्य पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं को अपने परिवार का हिस्सा नहीं मानेगा, तब तक प्रकृति का वास्तविक संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने नव्य मानवतावाद की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि पृथ्वी पर मौजूद सभी जीव और वनस्पतियां एक ही वैश्विक परिवार के सदस्य हैं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी मानव समाज की है।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले 15 वर्षों में जमशेदपुर में लगभग डेढ़ लाख से अधिक पौधों का नि:शुल्क वितरण किया जा चुका है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह करीब दो हजार पौधे लोगों के बीच बांटे जाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान, जंगलों की कटाई, कार्बन उत्सर्जन और प्लास्टिक प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में आनंद मार्ग और पीसीएपी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।

