Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

सारंडा के लोगों को बड़ी राहत, किरीबुरु अस्पताल में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की ऑनलाइन सुविधा शुरू

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के अतिनक्सल प्रभावित और दुर्गम सारंडा क्षेत्र के लोगों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। किरीबुरु-मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल में सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (सीआरएस) पोर्टल के माध्यम से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की ऑनलाइन सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन सेल किरीबुरु लौह अयस्क खदान (केआईओएम) के मुख्य महाप्रबंधक (खान) प्रशांत मनोहरराव शिरपुरकर ने किया।

उद्घाटन समारोह में अस्पताल के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी प्रभारी डॉ. नंदी जेराई, डॉ. पी.आर. सिंह, डॉ. अर्चना बेक, डॉ. मनोज कुमार, अनिमा एक्सेस, जवाहरलाल प्रधान, अर्का चटर्जी, राकेश कुमार बैठा सहित अस्पताल के कई चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अस्पताल में दर्ज जन्म और मृत्यु के मामलों का पंजीकरण तथा प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया अब ऑनलाइन होगी, जिससे लोगों को दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

मुख्य महाप्रबंधक प्रशांत मनोहरराव शिरपुरकर ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस के जरिए नागरिक सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा सारंडा, किरीबुरु, मेघाहातुबुरु और आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों लोगों को लाभ पहुंचाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे डिजिटल इंडिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इससे समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक सुगम बनेगी।

Related Post