चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला शिक्षा स्थापना समिति द्वारा अनुमोदित 278 स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों की सेवा संपुष्टि प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से बुधवार को पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, चाईबासा के सभागार में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो और गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष के साथ शामिल होकर शिक्षकों को सेवा पुस्तिकाएं वितरित कीं।
इस दौरान उपायुक्त ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, विचार और भविष्य को भी आकार देते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षकों के सहयोग से जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मनीष कुमार ने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनमें लेखन, चिंतन और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों में नियमित लेखन की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। विशेष कैंप के माध्यम से सेवा संपुष्टि प्रक्रिया को गति मिलने के साथ ही शिक्षकों को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग भी उपलब्ध कराया गया।

