चाईबासा: आम नागरिकों तक राजस्व एवं जनकल्याणकारी सेवाओं को सुलभ रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से सदर अंचल कार्यालय चाईबासा की ओर से वार्ड संख्या 20 के बांधपाड़ा दुर्गा मंदिर परिसर में राजस्व सह जनसुविधा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति लोगों में विशेष रुचि देखी गई। इस दौरान कुल 8 पेंशन आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए स्वीकार किया गया। इसके अलावा लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, राजस्व संबंधी सेवाओं तथा आवश्यक प्रमाण-पत्रों की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सदर अंचल अधिकारी उपेन्द्र कुमार, सीएससी सदर प्रभारी डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम, वार्ड पार्षद उपमा राय, राजस्व उपनिरीक्षक उमंग पाण्डेय, कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष बरजो तथा सीआरपी पिंकी मिश्रा उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना तथा पात्र लाभुकों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों से लोगों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलती है और प्रशासन व नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।

