चाईबासा: झारखंड सरकार के “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान के तहत मंगलवार को नर्सिंग कौशल कॉलेज, सदर अस्पताल चाईबासा में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह सिविल सर्जन जुझार मांझी ने की। कार्यशाला में नर्सिंग कॉलेज एवं नर्सिंग कौशल कॉलेज की छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य किशोरियों एवं युवतियों के बीच माहवारी से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर कर माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान माहवारी के दौरान होने वाली सामान्य समस्याओं, सुरक्षित सैनिटरी अवशोषकों के उपयोग, उनके रख-रखाव तथा उपयोग के बाद सुरक्षित निपटान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक शिव चरण हांसदा, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मीणा कालुंडिया तथा जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. मीनू कुमारी ने छात्राओं को माहवारी से संबंधित वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, जिस पर खुलकर चर्चा होना आवश्यक है। समाज में व्याप्त संकोच और भ्रांतियों को दूर कर ही महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं सम्मान को सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के जिला समन्वयक कमलेश ओझा तथा सहयोगी संस्था लीड्स (LEADS) के प्रतिनिधि साकेत कुमार, परमेश्वर महतो और शैलेश मिंज का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यशाला के अंत में छात्राओं ने माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समुदाय में भी इस विषय पर सकारात्मक संवाद स्थापित करने का संकल्प लिया।

