Breaking
Wed. Jun 3rd, 2026

मानगो में सड़क किनारे खड़ी बस में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुई राख

जमशेदपुर। मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और अंततः पूरी तरह राख में तब्दील हो गई। घटना ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित राज मोबाइल के समीप की बताई जा रही है।

स्थानीय सुभान आलम, हिदायतुल्लाह अंसारी और राजेश कुमार के अनुसार सुबह के समय बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और संबंधित विभागों को दी गई।

बस रोजाना रात में उसी स्थान पर खड़ी की जाती थी और सुबह अपने निर्धारित मार्ग पर परिचालन के लिए निकलती थी। बुधवार को भी बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। हालांकि आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग और अधिक फैल जाती तो आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था। समय रहते स्थिति नियंत्रित होने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Related Post