Breaking
Tue. Jun 2nd, 2026

दूबिल गांव में आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मनोहरपुर: मनोहरपुर प्रखंड के दूबिल गांव में आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा की ओर से सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें सामाजिक संगठनों से जोड़ना था।

कार्यक्रम में युवाओं को आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान मगे पर्व, बा पर्व, हेरोः पर्व, जोमनामा पर्व सहित जन्म, विवाह और मृत्यु संस्कार से जुड़े विभिन्न पारंपरिक अनुष्ठानों के महत्व पर चर्चा की गई।

आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने ग्रामीणों को आदिवासी परंपराओं के संरक्षण और विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा के नेतृत्व में नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन, सिंगी एण्ड सिंगी सोसाइटी तथा मिलन चैरिटेबल ट्रस्ट जैसे संगठन डायन प्रथा, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय योगदान दें और समाज को सकारात्मक दिशा देने में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में धनसिंह चांपिया, मथुरा पुरती, मंगल चांपिया, कृष्णा तोपनो, माटु किम्बो, गुरा हेम्ब्रम, पीटर चांपिया, दर्शन चांपिया, गुरा मुर्मू, दुखिया आईन्द और विश्वजीत बिरूवा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post