Breaking
Tue. Jun 2nd, 2026

झाबरी बस्ती में भाई ने भाई की ली जान, लोहे की रॉड से हमला कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित झाबरी बस्ती में घरेलू विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। नशे की हालत में हुए झगड़े के दौरान छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण घायल की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात सनातन हेंब्रम और उसके छोटे भाई दुखू हेंब्रम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। दोनों भाइयों ने शराब का सेवन किया हुआ था। विवाद बढ़ने पर दुखू ने आपा खो दिया और लोहे की रॉड से सनातन के सिर पर लगातार वार कर दिए। हमले में सनातन गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

परिजनों के अनुसार वारदात के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। रातभर घायल सनातन घर में ही पड़ा रहा। सोमवार सुबह जब परिजनों को घटना की पूरी जानकारी मिली तो उन्होंने उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मृतक के घर के बाहर जुट गए।

सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई।

डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि पारिवारिक विवाद और नशे की हालत में हुई कहासुनी हत्या की वजह बनी है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post