Breaking
Tue. Jun 2nd, 2026

परसुडीह थाना में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, पुलिसकर्मियों की आंखों की हुई जांच

जमशेदपुर: पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा परसुडीह थाना परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती की पहल पर आयोजित इस शिविर में त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने थाना में कार्यरत पुलिसकर्मियों की आंखों की जांच की और उन्हें नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया।

शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों की दृष्टि परीक्षण के साथ-साथ आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच की गई। चिकित्सकों ने नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व पर जोर देते हुए आंखों की देखभाल से जुड़े कई सुझाव भी दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

संस्था के अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती ने कहा कि पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ यह निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया, ताकि पुलिसकर्मी समय-समय पर अपनी आंखों की जांच कराकर स्वस्थ रह सकें और बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था की उपाध्यक्ष अल्पना भट्टाचार्य समेत मनीष, प्रदीप, एनिमा, दीप्ती, कुमकुम और अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने भविष्य में भी स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

वहीं, परसुडीह थाना के पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन और त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर पुलिसकर्मियों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करते हैं।

Related Post