Breaking
Mon. Jun 1st, 2026

पूर्व उपमुखिया संजय बोयपाई की गोली मारकर हत्या, चक्रधरपुर में फैली दहशत

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उपमुखिया संजय बोयपाई (44) की रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार गुईगांव निवासी संजय बोयपाई खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार रात भोजन के बाद वह अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात दो से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और सोए हुए संजय बोयपाई की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद समेत अन्य बिंदुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

संजय बोयपाई अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, 18 वर्षीय पुत्र आकाश बोयपाई और 15 वर्षीय पुत्री शीतल बोयपाई को छोड़ गए हैं। उनकी हत्या की खबर से परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Related Post