Breaking
Mon. Jun 1st, 2026

मोहम्मद तौसीफ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, दीघा से एक आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित मोहम्मद तौसीफ हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। मामले में शामिल एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अब इस मामले के मुख्य आरोपी माने जा रहे सन्नु बच्चा को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है।

जांच के दौरान पुलिस को जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी 30 वर्षीय जमील अहमद अंसारी की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के दीघा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान जमील ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मोहम्मद तौसीफ की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई थी। मामले की तह तक पहुंचने के दौरान कपाली निवासी सन्नु बच्चा का नाम भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि सन्नु बच्चा के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्तमान में वह एक अन्य मामले में सरायकेला मंडल कारा में बंद है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि सन्नु बच्चा से रिमांड पर पूछताछ करने से हत्या की साजिश, इसमें शामिल अन्य आरोपियों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस दिशा में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड की जांच चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए न तो मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया और न ही किसी मोटरसाइकिल का। इसके बावजूद तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के सहारे पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Post