Breaking
Fri. May 29th, 2026

एनसीसी शिविर का भव्य समापन, 546 कैडेट्स ने सीखे अनुशासन और नेतृत्व के गुर

जमशेदपुर: 37 झारखंड बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय सामूहिक वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। शिविर का संचालन कमांडिंग ऑफिसर एवं कैंप कमांडेंट विनय आहूजा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लेकर सैन्य प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों में भागीदारी निभाई।

समापन समारोह में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के निदेशक गौतम सूत्रधार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि संस्थान के रजिस्ट्रार एस. के. सारंगी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण के दौरान उनके प्रदर्शन की सराहना की।

शिविर में कुल 546 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को सेना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया और उन्हें फायरिंग, मैप रीडिंग तथा ड्रिल का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही खेलकूद, नेतृत्व क्षमता विकास और प्रबंधन कौशल से जुड़े सत्रों का भी आयोजन किया गया, ताकि युवाओं में शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ टीम भावना का विकास हो सके।

कैडेट्स के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शिविर में सॉफ्ट स्किल्स, साइबर सुरक्षा जागरूकता, व्यक्तित्व विकास और अनुशासन से संबंधित कई सेमिनार और कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को डिजिटल युग की चुनौतियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक गौतम सूत्रधार ने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और एनसीसी जैसे संगठन उनमें अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वहीं रजिस्ट्रार एस. के. सारंगी ने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। यहां मिलने वाला प्रशिक्षण जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी साबित होता है और युवाओं को आत्मविश्वासी बनाता है।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी टीम को बधाई दी गई।

Related Post