Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

हर हाल में पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करना लक्ष्य: संजय कुमार

चाईबासा: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा संजय कुमार ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक में संजय कुमार ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाताओं को पिछले गहन पुनरीक्षण की सूची से मैपिंग करने का कार्य शुरू हो चुका है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमेरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और भरवाकर वापस लेंगे। साथ ही प्रत्येक घर के बाहर एक विशेष स्टिकर भी लगाया जाएगा, जिसमें घर संख्या के साथ संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज रहेगा।

संजय कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सीधे बीएलओ से जोड़ना है, ताकि लोगों को इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि हर हाल में पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करना लक्ष्य है।

बैठक में राजनीतिक दलों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की गई। संजय कुमार ने कहा कि सभी दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट-2 की नियुक्ति में तेजी लाएं, ताकि एसआईआर के दौरान बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। साथ ही बीएलए-2 के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया।

बैठक में ड्राफ्ट पब्लिकेशन, नोटिफिकेशन और सुनवाई प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस से त्रिशानु राय, भाजपा से रंजन प्रसाद, बसपा से जेम्स हेम्ब्रम, झामुमो से इकबाल अहमद और कैसर परवेज तथा राजद से मो. अलताब उपस्थित थे।

Related Post