Breaking
Thu. May 28th, 2026

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 22 वर्षीय विवाहित महिला की मौत

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत पांड्रासाली ओपी क्षेत्र के चूरगुई गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 22 वर्षीय विवाहित महिला बिरंची बोदरा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बिरंची बोदरा अपने पति नरेश सामड के साथ गांव के दूसरे घर का काम देखकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान शाम में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ लगातार आकाशीय बिजली चमक रही थी। इसी बीच बिरंची बोदरा वज्रपात की चपेट में आ गई और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद पति नरेश सामड और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बिरंची बोदरा को इलाज के लिए पांड्रासाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बिरंची बोदरा को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी देते हुए पति नरेश सामड और बिरंची बोदरा की बड़ी बहन मालती बोदरा ने बताया कि बिरंची बोदरा चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के उटुटुवा गांव की रहने वाली थी। उसने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर ली थी। परिवार वालों के अनुसार नरेश सामड और बिरंची बोदरा ने प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी 12 अप्रैल 2025 को हुई थी। फिलहाल उनकी कोई संतान नहीं थी।

परिजनों ने बताया कि शादी के बाद दोनों नौकरी की तैयारी कर रहे थे और भविष्य को लेकर कई सपने देख रहे थे। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पति नरेश सामड का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल बिरंची बोदरा का शव सदर अस्पताल चाईबासा में रखा गया है, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। अस्पताल में परिवार और रिश्तेदारों की भीड़ लगी रही। सभी के चेहरों पर दुख साफ दिखाई दे रहा था।

Related Post