चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन कबड्डी समर कैंप का आयोजन जिला स्कूल मैदान में किया जा रहा है। बुधवार को कैंप का चौथा दिन उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ।
समर कैंप में करीब 60 बालक और बालिका खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। शिविर के दौरान प्रशिक्षक अनू पूर्ति खिलाड़ियों को कबड्डी के महत्वपूर्ण डिफेंस, एकल होल्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दे रही हैं। अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों को सही टाइमिंग, संतुलन और पकड़ की बारीकियों की जानकारी भी दी जा रही है।
कैंप में खिलाड़ियों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी खिलाड़ी अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास कर रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार आने वाले दिनों में पश्चिमी सिंहभूम की टीम राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में भाग लेने की तैयारी कर रही है।
यह प्रशिक्षण शिविर कोल्हान प्रभारी श्यामल दास की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है। समर कैंप का समापन 30 मई को होगा।
कैंप के सफल संचालन में दुर्योधन पान, लक्ष्मण महतो और उर्मिला होनहगा का विशेष योगदान रहा।

