Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, अनिल मोदी ने स्थायी समाधान की मांग की

जमशेदपुर। जुगसलाई स्थित टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज में बारिश के बाद होने वाले जलजमाव की समस्या को लेकर जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने चिंता जताई है। उन्होंने रेलवे प्रशासन और जुगसलाई नगर परिषद से जलजमाव की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

अनिल मोदी ने कहा कि टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज टाटानगर रेलवे स्टेशन समेत आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। थोड़ी सी बारिश के बाद ही अंडरब्रिज के नीचे भारी जलजमाव हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ लंबा जाम लग जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर पानी में फंस जाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में रक्षाबंधन समेत अन्य त्योहारों के कारण बाजारों और सड़कों पर भीड़ बढ़ी हुई है। ऐसे में अंडरब्रिज में जलजमाव से उत्पन्न जाम के कारण यात्रियों, व्यापारियों, स्थानीय लोगों और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

पार्षद ने रेलवे प्रशासन और जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से संयुक्त रूप से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज में समुचित जल निकासी की व्यवस्था कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुचारू रह सके।

अनिल मोदी ने कहा कि जलजमाव की समस्या हर वर्ष बारिश के दौरान सामने आती है। ऐसे में केवल अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने के बजाय स्थायी और प्रभावी समाधान की दिशा में काम किया जाना जरूरी है।

Related Post