चतरा : टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों और लेवी वसूली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टंडवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने JJMP संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो कोल कंपनियों से लेवी मांगने, धमकी देने और आगजनी की घटना में शामिल था। इस मामले में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आम्रपाली परियोजना में माइनिंग और ट्रांसपोर्टिंग कार्य कर रही एनसीसी लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को JJMP और प्रतिबंधित TSPC के नाम पर लगातार धमकी भरे फोन किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 की रात एनसीसी कंपनी की कोयला परिवहन में लगी एक वोल्वो ट्रक को पांच अपराधियों ने रोक लिया था। चालक और सुपरवाइजर के साथ मारपीट करने के बाद अपराधियों ने ट्रक में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। घटना स्थल पर JJMP के शिव जी के नाम से पर्चा छोड़ लेवी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली कि कांड में शामिल JJMP का सक्रिय सदस्य रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र सिंह खरवार अपने घर आया हुआ है। एसपी के निर्देश पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने लोहरदगा जिले के जोबांग थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ गीर गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी मुख्यालय ने कहा कि जिले में उग्रवाद, लेवी वसूली और अपराध के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस मुख्यधारा से भटके युवकों से अपराध छोड़ समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील कर रही है।

