Breaking
Fri. May 22nd, 2026

बिजली विभाग का कर्मी 5 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

कोडरमा। बिजली विभाग के एक कर्मी को हजारीबाग एसीबी की टीम ने 5 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मी की पहचान सुनील कुमार के रूप में की गई है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में बतौर लाइनमैन कार्यरत है। जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता डोमचांच के सपही निवासी राजू यादव ने बताया कि डोमचांच प्रखंड अंतर्गत नीरू पहाड़ी के समीप उनका एक ऐश ब्रिक का प्लांट था, जिसको लेकर उन्होंने कुछ वर्षों पहले एक कमर्शियल बिजली का कनेक्शन लिया हुआ था। वही प्लांट के घाटे में जाने के कारण इन्होंने अपना प्लांट 2025 में बंद कर दिया और इसके पश्चात वे कनेक्शन कटवाने सहित कनेक्शन के समय जमा किए गए सिक्योरिटी मनी वापस लेने हेतु झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे। उन्हें सिक्योरिटी मनी वापस लेने हेतु कई बार चक्कर लगाने पड़े। इस दौरान उनकी मुलाकात कार्यालय में कार्यरत लाइनमैन सुनील से हुई। उन्होंने सुनील से सारी बातें बताई। सुनील द्वारा कनेक्शन रद्द करने तथा सिक्योरिटी मनी वापस करने के एवज में उनसे 15 हजार रुपए की मांग की गई। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग से की। जिसके बाद एसीबी की टीम गुरुवार को झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय के पास पहुंची और सुनील को 5 हजार रुपए घुस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी की टीम सुनील को अपने साथ हजारीबाग ले गई।

Related Post