जमशेदपुर: रक्षाबंधन के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के प्रशंसक और समाजसेवी पप्पू सरदार ने सुंदरनगर स्थित चेशायर होम पहुंचकर विशेष बच्चियों और सिस्टरों के साथ त्योहार मनाया। हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्होंने यहां की बच्चियों से अपनी कलाई पर रक्षासूत्र बंधवाया और उनके साथ समय बिताया।
पप्पू सरदार ने सभी बहनों का मुँह मीठा कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। इस दौरान चेशायर होम का माहौल आत्मीयता और खुशी से भर गया। उन्होंने कहा कि चेशायर होम आकर उन्हें जो स्नेह और आत्मिक सुकून मिलता है, वह कहीं और नहीं मिलता। उनकी कोशिश रहती है कि हर त्योहार पर यहां रहने वाले बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाई जाए और उन्हें यह महसूस न हो कि वे अकेले हैं।
उन्होंने कहा कि इतनी सारी बहनों का प्यार पाकर उनकी दोनों कलाइयां राखियों से सज गईं, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। पप्पू सरदार ने यह भी बताया कि सिने तारिका माधुरी दीक्षित भी उन्हें राखी बांध चुकी हैं।
चेशायर होम की प्रमुख सिस्टर ने पप्पू सरदार के लंबे समय से चले आ रहे इस जुड़ाव और समर्पण की सराहना की। उन्होंने बताया कि यहां के बच्चे हर त्योहार पर पप्पू सरदार का बेसब्री से इंतजार करते हैं। पप्पू सरदार वर्ष 1996 से लगातार हर साल चेशायर होम पहुंचकर बच्चियों से राखी बंधवाते हैं और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हैं।

