Breaking
Thu. May 21st, 2026

नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा मांगपत्र

जमशेदपुर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम एक मांगपत्र सौंपा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और इससे युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है।

जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, साकची आमबगान से शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। इस दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई या विशेष जांच दल (SIT) से कराने, दोषियों पर कठोर कार्रवाई करते हुए आजीवन कारावास देने, परीक्षा संचालन से NTA को हटाने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही परीक्षा में अनियमितताओं से आहत होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को न्याय, आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की भी मांग की गई।

जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज को दबने नहीं देगी और जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और अभिभावकों के न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, रविंद्र झा, धर्मेंद्र सोनकर, विजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, रणजीत सिंह, सनी सिंह, सचिन सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिंह, जसवीर सिंह, राकेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Post