Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

खुंटपानी में सांप काटने से किशोरी की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में भर्ती

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत बासाकुटी गांव में सांप काटने से एक 14 वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर हो गई। किशोरी की पहचान मोती कंडेयांग के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मोती कंडेयांग बुधवार रात करीब 11 बजे अपने घर में पलंग पर सो रही थी। इसी दौरान एक चिती सांप पलंग पर चढ़ गया और उसे काट लिया। घटना के बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन रात में ही बच्ची को लेकर सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोरी को एंटी वेनम स्नेक डोज दिया। हालांकि उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसे आईसीयू में भर्ती कर बेहतर इलाज किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद खुंटपानी प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा भी सदर अस्पताल पहुंचे और बच्ची का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल के डिस्ट्रिक्ट सुपरिटेंडेंट शिवचरण हांसदा से बात कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा।

सिद्धार्थ होनहागा ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में सांप अधिक संख्या में अपने बिलों से बाहर निकलते हैं और कई बार घरों में भी घुस जाते हैं। उन्होंने कहा कि रात में सोने से पहले मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए और बाहर निकलने के दौरान टॉर्च का इस्तेमाल करना चाहिए।

उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के चक्कर में नहीं पड़ें और तुरंत मरीज को अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराएं।

घटना के बाद बासाकुटी गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार किशोरी की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Post