जमशेदपुर। सोनारी के झाबरी बस्ती निवासी तुषार खमारी की मौत के मामले में भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और गोलमुरी स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के मालिक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही दोनों मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह मृतक के परिजनों के साथ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन करेंगे।
विकास सिंह ने शुक्रवार को कहा कि गुरुवार को तुषार खमारी की मौत काम के दौरान हुई है, इसलिए उसके परिवार को नियमानुसार मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएनजी सप्लाई के दौरान पाइप फटने की घटना पेट्रोल पंप पर उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही की ओर इशारा करती है। इसी लापरवाही के कारण एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया।
उन्होंने बताया कि तुषार खमारी उनके द्वारा आयोजित कांवर यात्रा से भी जुड़ा हुआ था। सोनारी की झाबरी बस्ती में जिस मकान में तुषार रहता था, वहां रहने वाले उसके रिश्तेदार हर वर्ष बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित निशुल्क कांवर यात्रा में शामिल होते हैं।
विकास सिंह ने कहा कि तुषार को केवल एक मजदूर समझकर उसके परिवार की मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह मृतक के परिजनों के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने जमशेदपुर के उपायुक्त से मामले में सीधे हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को उनका हक दिलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन किया जाएगा।

