ईचागढ़।सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम लगातार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है। ताजा कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने 20 मई 2026 की रात करीब 10 बजे ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बामनडीह गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए लाई गई बड़ी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की गई। टीम ने 650 एमएल की 55 बोतल Haywards Bold Beer, 5 बोतल Tuborg Beer और 5 बोतल Kingfisher Beer जब्त की। कुल मिलाकर 42.25 लीटर अवैध बीयर बरामद की गई।
इसके बाद 21 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे सरायकेला थाना अंतर्गत सीनी ओपी क्षेत्र के महादेवपुर गांव में उत्पाद विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से संचालित दो चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। छापेमारी के दौरान लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि मौके से 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग ने सभी जब्त अवैध शराब और संबंधित सामग्री को कब्जे में ले लिया है। मामले में शामिल फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध शराब का कारोबार होता दिखे तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जिले में नशामुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है।

