जमशेदपुर। शहर में पड़ रही भीषण गर्मी लोगों पर भारी पड़ने लगी है। लगातार तीन दिनों से जारी तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच गुरुवार को मानगो थाना क्षेत्र में एक अज्ञात मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मजदूर की मौत लू लगने की वजह से हुई है।
घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मानगो थाना क्षेत्र स्थित डिमना रोड पर ब्लू बेल्स स्कूल के समीप एक मजदूर पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण उसे अचानक चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर सड़क किनारे दीवार के सहारे बैठाया और पानी पिलाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मामले की सूचना मानगो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में मजदूर को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण लोगों को दिन के समय घर से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

