*रांची :* राजधानी रांची के बरियातु थाना क्षेत्र स्थित मैथन मैरेज हॉल में शादी समारोह के दौरान दुल्हन का गहनों और नकदी से भरा बैग चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण के साथ 96 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश का रहने वाला है और पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
बताया गया कि 1 मई 2026 को मैथन मैरेज हॉल में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान दुल्हन का बैग अचानक गायब हो गया। बैग में महंगे गहने, नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। काफी खोजबीन के बावजूद बैग का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद बरियातु थाना में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने बरियातु थाना कांड संख्या 79/26 के तहत जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मैरेज हॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस को अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में छापेमारी कर आरोपी जैकी सिंह को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद कर लिए। बरामद सामान में करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा 96 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जैकी सिंह (39) के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला अंतर्गत बोड़ा थाना क्षेत्र के गुलखेड़ा गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम नंदन सिंह बताया गया है।
छापेमारी टीम में बरियातु थाना के एसआई भानु कुमार भारती और एसआई जोयदीप बोस समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

