Breaking
Tue. May 19th, 2026

ट्रेनों की देरी पर भड़के यात्री, कहा- समय पर परिचालन नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

जमशेदपुर। ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से नाराज रेल यात्रियों ने मंगलवार को मानगो चौक में रेलवे के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से आयोजित हस्ताक्षर अभियान में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया और रेलवे प्रशासन से ट्रेनों का समय पर परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की।

अभियान के दौरान लोगों ने कहा कि ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। नौकरीपेशा लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं मरीजों, विद्यार्थियों और लंबी दूरी के यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि रेलवे की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रेनें समय पर चलाना रेलवे की जिम्मेदारी है और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि यात्री लगातार परेशान हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से यात्रियों की आवाज सरकार और रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।

अजय कुमार ने कहा कि जब तक ट्रेनें राइट टाइम नहीं चलेंगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे को ठोस कदम उठाने होंगे, अन्यथा समिति चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

कार्यक्रम के संयोजक कुलविंदर सिंह पन्नू थे जबकि अध्यक्षता पप्पू सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन विकास सहनी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन राजीव सिंह ने दिया। अभियान को सफल बनाने में उषा यादव, नीरज सिंह, प्रवीण सिंह, मुश्ताक अहमद, लालू गौड़, दीपक गौड़, सिरिन अख्तर, विनोद सिंह, विजय सिंह, अशोक सिंह, अर्जुन यादव, अजीत सिंह, संतोष भगत, कृष्णा बेरा, सुदीप मुखर्जी, राजू सिंह, संजीव सिंह, योगेंद्र साव, अरुण श्रीवास्तव और बीरू सिंह सहित कई लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

Related Post