Breaking
Mon. May 18th, 2026

सालगाझुड़ी रेलवे फाटक के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से मजदूर की मौत

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सालगाझुड़ी रेलवे फाटक के समीप रविवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बावनगोड़ा निवासी प्रधान हेंब्रम के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार प्रधान हेंब्रम रविवार शाम घर के उपयोग का सामान खरीदने बाजार गए थे। बाजार से वापस लौटते समय वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी।

बताया गया है कि प्रधान हेंब्रम मूल रूप से चाकुलिया के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ समय से वह परसुडीह के बावनगोड़ा इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने रविवार रात ही शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Post