चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में सोमवार को पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष Geeta Koda ने पूर्व मुख्यमंत्री Madhu Koda के साथ सुकरी-दुबिल माइंस एवं सप्लाई मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान मजदूरों ने कई महीनों से वेतन लंबित रहने, ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं होने, मेडिकल सुविधा, लीव वेज तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं से वंचित रहने की शिकायत रखी।
मजदूरों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए गीता कोड़ा और मधु कोड़ा ने सेल चिरिया के जीएम रवि रंजन तथा एचआर पर्सनल विकास दयाल से मुलाकात की। उन्होंने प्रबंधन के समक्ष मजदूरों के बकाया भुगतान, छंटनी पर रोक और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। गीता कोड़ा ने मनोहरपुर लौह अयस्क खान प्रबंधन को एक पत्र भी सौंपा, जिसमें मजदूरों के बकाया वेतन और अन्य वैधानिक सुविधाओं का अविलंब भुगतान कराने की मांग की गई।
गीता कोड़ा ने कहा कि चुनाव के दौरान जल, जंगल और जमीन के नाम पर लोगों से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से बंद पड़ी खदानों को दोबारा शुरू करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसके कारण क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार के स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा। गीता कोड़ा ने मजदूरों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जहां भी श्रमिकों के साथ अन्याय होगा, वहां वह उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी।
इस मौके पर मजदूर प्रतिनिधि मोहनलाल चौबे, तरिणी सेन नाग, बीस केसन दास, मनोहर झा, राजकुमार लोहार, देवलाल मुखी, केदारनाथ, रतन हो, राजकुमार ग्वाला, घनश्याम दंडपती और रंगो मुंडा समेत कई मजदूर मौजूद थे।

