Breaking
Sat. Aug 29th, 2026

बेताकोचा में कंटेनर चालक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री परिसर के बाहर खड़े कंटेनर में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एमजीएम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को शीतगृह में रखवा दिया गया।

पुलिस की जांच में मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र स्थित बालूबास गांव निवासी 41 वर्षीय हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। पहचान उसके पास से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के जरिए की गई। बताया जा रहा है कि वह कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 के साथ वहां पहुंचा था।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रविवार देर रात उसने कंटेनर के ऊपर लगे पाइप में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। घटनास्थल से पुलिस ने मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वह किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था और किसी बात को लेकर तनाव में था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

एमजीएम थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं आसपास के लोगों और फैक्ट्री कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके।

Related Post