कुड़ू – लोहरदगा : एक वर्षीय बेटी का इलाज कराने बाइक से अस्पताल जा रहे दंपती सड़क हादसे का शिकार हो गए। कुड़ू थाना क्षेत्र के नवटोली के समीप पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हादसे में उनकी एक वर्षीय मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई और उसे खरोंच तक नहीं आई। मिली जानकारी के अनुसार पंडरा गांव निवासी फिरोज पावरिया 25 वर्ष, पिता मोजिम पावरिया, निवासी अपनी पत्नी मुस्कान पावरिया और एक वर्षीय बेटी को लेकर बाइक से इलाज कराने कुड़ू अस्पताल आ रहे थे। इसी दौरान नवटोली के समीप पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।
एक साल की बेटी को इलाज कराने निकले दंपती को अज्ञात कार ने मारी टक्कर दोनों गंभीर, रिम्स रेफर, बाल-बाल बची मासूम बच्ची।

