चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, चाईबासा में सोमवार को संगठनात्मक बैठक जिला प्रभारी नीलकंठ सिंह मुंडा की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुवंर गागराई, जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 और 16 मई को भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला कमेटी का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम किरीबुरु में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू करेंगे।
बैठक में सभी मंडलों को प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के बीच मंडल स्तरीय बैठक आयोजित करने तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख को जिला कमेटी की संगठनात्मक बैठक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को सभी बूथों पर सुनने और उसके पूर्व रविवार को प्रत्येक शक्ति केंद्र में बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
जिला प्रभारी नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनने वाली संगठनात्मक शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए सक्रिय रहने की अपील की।
पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि जिन राज्यों में पहले भाजपा की सरकार नहीं थी, वहां भी पार्टी ने मजबूत संगठन और जनसंपर्क के बल पर जनता का विश्वास जीतकर सत्ता हासिल की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री बड़कुवंर गागराई ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत से झारखंड में भाजपा और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।
जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाना है।
बैठक में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जे बी तुबिड, जिला महामंत्री भूषण पाथ पिंगुवा, चंदन झा, उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद, पवन शर्मा, अजीत सिंह, राजश्री बानरा, शंभू हाजरा, धर्मवीर पासवान, पंकज खिरवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष शुरू नदी, सतीश पुरी, मंडल अध्यक्ष दोनों बनसिंह, ब्रजमोहन चतोम्बा, पितांबर राउत, दिलीप महतो, अनिल दास, राकेश पोद्दार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

