Breaking
Sun. May 10th, 2026

डिमना लेक के समीप रिसॉर्ट में देह व्यापार के आरोप पर ग्रामीणों का हंगामा, मैनेजर की पिटाई, तीन जोड़े पुलिस हिरासत में

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक से सटे बोंटा पंचायत के गेरूआ गांव स्थित एक रिसॉर्ट में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने वहां कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के विरोध में जमकर बवाल किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रिसॉर्ट परिसर में घुसकर कई कमरों की तलाशी ली और आपत्तिजनक स्थिति में मौजूद तीन जोड़ों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एक अन्य जोड़ा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि “लेक व्यू रिसॉर्ट” नामक इस परिसर में पिछले करीब छह महीनों से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी क्षेत्रों से युवक-युवतियां यहां पहुंचते थे और रिसॉर्ट की आड़ में गलत कार्य किए जाते थे। लंबे समय से इसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

रविवार को ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से रिसॉर्ट पहुंचकर कमरों की जांच की। इस दौरान तीन कमरों से तीन जोड़ों को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि एक अन्य भवन में मौजूद एक जोड़ा पीछे के रास्ते से भाग निकलने में सफल रहा। ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी को भी पकड़ लिया और उस पर आक्रोश जताया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। बाद में पुलिस पहुंचने पर मैनेजर को उनके हवाले किया गया।

सूचना मिलने के बाद बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों जोड़ों को हिरासत में लेकर थाना ले जाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण रिसॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक रिसॉर्ट मालिक नहीं आएंगे, तब तक वे लोगों को नहीं जाने देंगे। साथ ही ग्रामीणों ने रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग भी उठाई।

मैनेजर संतोष गिरी ने पूछताछ के दौरान बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। उसने यह भी कहा कि एक ही चहारदीवारी के भीतर एक ओर पतंजलि चिकित्सा केंद्र संचालित होता है, जबकि दूसरी ओर रिसॉर्ट चलता है। ग्रामीणों का आरोप है कि रिसॉर्ट में शहर के विभिन्न इलाकों से लोग पहुंचते थे और यहां अनैतिक गतिविधियां संचालित की जाती थीं।

पुलिस द्वारा कमरों की तलाशी लेने पर कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने बरामद सामान को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसॉर्ट के बाहर जुटे रहे।

Related Post