मेदिनीनगर*: पलामू जिले में बीते देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रेड़मा ओवरब्रिज पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक लेस्लीगंज से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रेड़मा ओवरब्रिज पर उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सीधे रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक शाहपुर इलाके के रहने वाले थे। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की बताई जा रही है।

