Breaking
Wed. Apr 29th, 2026

सारंडा में हाथियों ने स्कूल में घुसकर छात्रों के भोजन किया चट, बच्चों का मध्याह्न भोजन ठप

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, हेन्देदिरी का है, जहां 28 और 29 अप्रैल की मध्य रात्रि दो जंगली हाथी स्कूल परिसर में घुस आए और जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने स्कूल के रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर रखे मध्याह्न भोजन के लिए चावल, दाल, सब्जियां समेत अन्य खाद्य सामग्री को खा गए। इसके साथ ही बर्तनों और अन्य सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के बाद विद्यालय की मध्याह्न भोजन व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। राशन समाप्त हो जाने के कारण बुधवार को स्कूल पहुंचे बच्चों को भोजन नहीं मिल सका। बच्चे जहां भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, वहीं अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

दुविल गांव निवासी वीर सिंह हांसदा ने बताया कि हेन्देदिरी टोला स्थित इस स्कूल में देर रात दो हाथियों ने भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि हाथियों ने न सिर्फ भोजन सामग्री को नष्ट किया, बल्कि स्कूल की संपत्ति को भी काफी क्षति पहुंचाई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी अब भी आसपास के जंगलों में डेरा डाले हुए हैं, जिससे किसी भी समय फिर से घटना होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और स्कूल को हुए नुकसान की भरपाई के साथ-साथ जल्द से जल्द मध्याह्न भोजन व्यवस्था बहाल की जाए।

Related Post