Breaking
Wed. Apr 29th, 2026

टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के साथ एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक 2026 सफलतापूर्वक संपन्न

जमशेदपुर। टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित एवरेस्ट बेस कैंप (EBC) ट्रेक 2026 सफलतापूर्वक पूरा हो गया। 11 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक चले इस रोमांचक अभियान में 8 प्रतिभागियों के समूह ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी मंज़िल हासिल की। इस दल का नेतृत्व संस्था के वरिष्ठ प्रशिक्षक राथू महतो ने किया।

ट्रेक के दौरान टीम ने 17,598 फीट की ऊँचाई तक पहुँचते हुए एवरेस्ट बेस कैंप पर सफलता पूर्वक कदम रखा। प्रतिभागियों की आयु 35 से 63 वर्ष के बीच थी, जिसमें एक महिला और सात पुरुष शामिल थे। कठिन मौसम, शून्य से 25 डिग्री नीचे तक गिरते तापमान, तेज़ हवाओं, बर्फबारी और लगातार बढ़ती ऊँचाई के बावजूद सभी ने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।

यात्रा के दौरान दल ने दुध कोशी नदी के किनारे-किनारे ट्रेक करते हुए नामचे बाज़ार तक का सफर तय किया। यह क्षेत्र अपनी समृद्ध शेरपा संस्कृति और पर्वतारोहण परंपरा के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही टीम को तेंगबोचे जैसे खूबसूरत गांवों में स्थानीय जीवनशैली को नजदीक से देखने और समझने का अवसर भी मिला।

ट्रेक पूरा करने के बाद प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का यादगार सफर बताया। अभय कुमार सिंह ने कहा कि हिमालय की वादियों में यह यात्रा उनके लिए बेहद खास रही, जिसने उनके धैर्य और क्षमता की परीक्षा ली। वहीं अवंतिका सिंह ने इसे आत्मचिंतन और आत्मविकास का अनूठा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों ने उन्हें मानसिक रूप से और अधिक मजबूत बनाया और एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचना उनके लिए गर्व और संतोष का क्षण रहा।

इस पूरे अभियान में टीम के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक ऊर्जा और TSAF के अनुभवी मार्गदर्शन ने अहम भूमिका निभाई। प्रतिभागियों ने माना कि इस ट्रेक ने न केवल उनकी शारीरिक क्षमता को चुनौती दी, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाया।

Related Post