Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

*बतरबेड़ा फुटबॉल प्रतियोगिता में पान-तांती कल्याण समिति बनी चैंपियन, सांसद जोबा माझी ने बांटे पुरस्कार*

राजनगर: राजनगर प्रखंड के बतरबेड़ा गांव में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला गुरमा एफसी और पान-तांती कल्याण समिति के बीच खेला गया, जिसमें पान-तांती कल्याण समिति ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। गुरमा एफसी उपविजेता रही।

विजेता टीम को खस्सी और 35 हजार रुपये नकद, जबकि उपविजेता टीम को खस्सी और 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, झामुमो नेता सह समाजसेवी कालीपद सोरेन, रामजीत हांसदा, भक्तु मार्डी, दुर्गा लाल मुर्मू, बीटी दास समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। प्रतियोगिता के दौरान मैदान के चारों ओर हजारों दर्शकों की भीड़ जुटी रही। दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

*1946 से चली आ रही है फुटबॉल की परंपरा*

बतरबेड़ा की फुटबॉल प्रतियोगिता करीब 80 वर्षों से चली आ रही खेल और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। आयोजकों के अनुसार यहां वर्ष 1946 में फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई थी। इसके बाद प्रत्येक वर्ष सितंबर माह के दूसरे रविवार को प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।

लंबे समय से चली आ रही इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं के उत्साह को बनाए रखा है। इस वर्ष भी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ ग्रामीणों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने खेल के साथ ग्रामीणों की सामुदायिक एकजुटता और क्षेत्र की पुरानी फुटबॉल परंपरा को भी मजबूत किया।

Related Post