चाईबासा: लूथेरान उच्च विद्यालय चाईबासा में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अभियंता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी एनेम सुरीन ने छात्रों को डॉ. एम. विश्वेश्वरैया के जीवन और उनके कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के विकास में उनके योगदान और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए वर्ष 1955 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक सूरज कुमार ठाकुर ने छात्रों को इंजीनियरिंग की विभिन्न प्रमुख शाखाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र और उनके कार्यों के बारे में बताया।
सूरज कुमार ठाकुर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अभियंता दिवस देश के सभी इंजीनियरों के समर्पण, मेहनत और नवाचार को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने छात्रों से डॉ. विश्वेश्वरैया के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी गई।

