Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

मानगो में 1995 से जारी गणेश उत्सव, पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भोग

जमशेदपुर। मानगो के संकोसाईं रोड नंबर एक स्थित हरि मंदिर परिसर में इस वर्ष भी गणेश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। वर्ष 1995 में शुरू हुई इस पूजा ने तीन दशक से अधिक समय में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। पूजा समिति के संस्थापक सह अध्यक्ष गौरीशंकर आचार्य ने बताया कि आयोजन के लिए किसी से चंदा नहीं लिया जाता है। समिति अपने स्तर से पूरे पूजा कार्यक्रम का संचालन करती है। श्रद्धालु स्वेच्छा से सहयोग करना चाहते हैं तो मंदिर परिसर में आकर अपनी श्रद्धा के अनुसार योगदान करते हैं।

मंगलवार को पूजा के तहत भोग वितरण का आयोजन किया गया। दोपहर एक बजे से शाम छह बजे तक चले भोग कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के लिए भी प्रसाद लेकर गए। घर ले जाने वाले श्रद्धालुओं को हांडी, मटकुरी और अन्य बर्तनों में भी भोग उपलब्ध कराया गया।

गौरीशंकर आचार्य ने बताया कि बुधवार की रात भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो देर रात तक चलेगा। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के साथ क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बनाने का प्रयास किया जाता है। पूजा स्थल और आसपास के रास्तों को रंग-बिरंगी चुन्नी और रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूजा परिसर का प्रवेश द्वार भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

आचार्य ने बताया कि उन्होंने गालूडीह में शिव, काली और शनि के तीन मंदिरों की स्थापना भी की है, जिनकी प्राण प्रतिष्ठा शिवरात्रि के अवसर पर की गई थी। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से जब तक सांस रहेगी, मानगो में गणेश पूजा का यह आयोजन जारी रहेगा।

Related Post