Breaking
Tue. Apr 28th, 2026

जुगसलाई में पानी संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, नगर परिषद कार्यालय पर किया प्रदर्शन

जमशेदपुर। जुगसलाई क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे स्थानीय निवासियों ने नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत आने वाले जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द राहत की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इलाके में पिछले करीब दो दशकों से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है। लोगों ने बताया कि हाल ही में चुनी गई नगर परिषद की चेयरमैन नौशीन खान ने चुनाव के दौरान पानी की समस्या को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई मोहल्लों में नलों में नियमित पानी नहीं आ रहा है और जो सप्लाई होती भी है, वह पर्याप्त नहीं होती। गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो गई है। महिलाओं को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि नगर परिषद की ओर से करीब 20 स्थानों पर डीप बोरिंग कराने की घोषणा की गई है, लेकिन लोगों का कहना है कि यह केवल भविष्य की योजना है, जबकि उन्हें तत्काल राहत की जरूरत है। उनका स्पष्ट कहना था कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक प्रशासन को टैंकर के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Related Post