Breaking
Sun. Apr 26th, 2026

चाईबासा में युवक ने घर में लगाई फांसी, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मटकोम बेड़ा गांव में रविवार को 18 वर्षीय सूरज मछूवा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय सूरज अपने तीन छोटे भाई-बहनों के साथ घर पर था। दोपहर के बाद जब सभी बच्चे खेलने के लिए बाहर चले गए, तब वह घर में अकेला रह गया। इसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ देर बाद जब परिजन और आसपास के लोग घर पहुंचे, तो घटना का पता चला।

परिजनों के अनुसार सूरज अपने भाई-बहनों के साथ गांव में ही रहता था, जबकि उसके माता-पिता रोजी-रोटी के लिए ओडिशा में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे भी तत्काल गांव लौट आए। परिवार का कहना है कि सूरज किसी काम में नहीं लगा था और ज्यादातर समय घर पर ही रहता था। उसका स्वभाव भी शांत था और वह कम बोलता था, जिससे इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

Related Post