रांची। रेलवे में टिकट दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अपराध शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने सिमडेगा में अवैध ई-टिकट कारोबार का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर की गई, जिसमें स्थानीय पुलिस के सहयोग से सिमडेगा बस स्टैंड के समीप स्थित “देवा ट्रैवल्स” नामक दुकान पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालक देवानंद यादव (लगभग 30 वर्ष), निवासी आवगा घरसा, थाना बोलबा, जिला सिमडेगा को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिनकी जांच में अवैध गतिविधियों का खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि आरोपी दो अलग-अलग IRCTC पर्सनल यूजर आईडी का दुरुपयोग कर रेलवे के ई-टिकट बनाकर अधिक कीमत पर बेच रहा था।
कार्रवाई के दौरान कुल 35 रेलवे टिकट जब्त किए गए, जिनमें 3 वर्तमान और 32 पूर्व में बनाए गए टिकट शामिल हैं। इन टिकटों की कुल कीमत करीब 1 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रत्येक टिकट पर 200 से 500 रुपये तक अतिरिक्त कमीशन वसूलता था। इतना ही नहीं, वह अन्य यात्रियों से काउंटर टिकट खरीदकर उन्हें भी ऊंचे दाम पर बेचता था, जिससे यात्रियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां रेलवे के अधिकृत टिकट प्रणाली के खिलाफ हैं और इससे आम यात्रियों को परेशानी होती है। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर उसे आरपीएफ पोस्ट बानो लाया गया। 25 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किए जाने के बाद 26 अप्रैल को उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

