Breaking
Sun. Apr 26th, 2026

बारात से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा, वाहन पलटने से दो की मौत, कई घायल

गुमला। जिले के कामडरा प्रखंड के कुरकुरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। वेतरकेरा मोड़ के पास बारातियों से भरा एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर लचरा गढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वाहन वेतरकेरा मोड़ के पास पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

इस दुर्घटना में टाटी भंडार टोली निवासी 28 वर्षीय साहिल भेंगरा और 50 वर्षीय चंद्र महतो की मौके पर ही मौत हो गई। कामडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुनील खलखो ने दोनों के मृत होने की पुष्टि की। वहीं 30 वर्षीय सामुएल भेंगरा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

परिजनों ने बताया कि सभी लोग योगेंद्र महतो के पुत्र तुच्छी महतो की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही कुरकुरा थाना के एसआई संजय रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। थाना प्रभारी संजय मुंडा भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Related Post