चाईबासा : एनएच 75 स्थित बड़ी बाजार मुख्य मार्ग पर एलआईसी बिल्डिंग के पास बनी पुलिया में पारापेट नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, विशेषकर स्कूली बच्चों के लिए यह स्थिति जोखिम भरी बनी हुई है। आए दिन लोग असंतुलित होकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के साथ-साथ सरिया भी बाहर निकला हुआ है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय इस व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही भी होती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
इस समस्या को लेकर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने शनिवार को एनएच कार्यालय पहुंचकर सहायक अभियंता हरि सिंह मुंडा एवं कनीय अभियंता मनीष कुमार भगत को स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने पुलिया के दोनों ओर जल्द से जल्द पारापेट निर्माण कराने की मांग की।
त्रिशानु राय ने एहतियातन यह भी सुझाव दिया कि जब तक स्थायी निर्माण नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी रूप से ब्रैकेटिंग कर सेफ्टी रिबन आदि लगवाया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस पर विभागीय अभियंताओं ने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

