Breaking
Sat. Apr 25th, 2026

ईचागढ़ में हाथी के हमले से मां-बेटी की मौत, दो बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

चांडिल।सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड के हाड़ात गांव में शनिवार तड़के जंगली हाथी के हमले से सनसनी फैल गई। रात करीब 3 बजे गांव में घुसे हाथी ने एक ही परिवार के घर पर हमला कर दिया, जिसमें मां और बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के दो बुजुर्ग सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी अचानक गांव में प्रवेश कर गया और सीधे मोहनलाल महतो के घर को निशाना बनाया। हमले के दौरान चाइना देवी (35 वर्ष) और उनकी 13 वर्षीय पुत्री अमिता को हाथी ने कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घर में मौजूद परिवार के मुखिया मोहनलाल महतो (72 वर्ष) और सांतुला देवी (70 वर्ष) इस हमले में बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में प्रभारी वनपाल मुकेश महतो, राणा प्रताप, सनातन रेबानी, वन रक्षी मुन्ना सोरेन और कैलाश चंद्र महतो शामिल थे। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।

वन विभाग ने त्वरित राहत के तौर पर मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की है। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक मृतक के परिजनों को 3 लाख 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण भयभीत हैं और रात के समय घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Related Post