Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

जमशेदपुर में साइकिल चोर गिरोह का खुलासा, पांच साइकिलों के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर। शहर में लगातार हो रही साइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए सोनारी थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की पांच साइकिलें भी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंभु महतो के रूप में हुई है, जो सरायकेला-खरसावां जिले के सिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ गांव का रहने वाला है।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 14 अप्रैल को सोनारी ए ब्लॉक स्थित अंकुर अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर ए/19 से अरुण कुमार के नाती यशराज की साइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।

इसी दौरान एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत पुलिस टीम खूंटाडीह से कदमा जाने वाली सड़क पर वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक युवक संदिग्ध स्थिति में साइकिल लेकर जाता दिखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शंभु महतो बताया और स्वीकार किया कि वह जिस साइकिल के साथ पकड़ा गया है, वह सोनारी के अंकुर अपार्टमेंट से चोरी की गई थी।

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने शहर के विभिन्न इलाकों में साइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह सुनसान या भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी साइकिलों को निशाना बनाता था और चोरी के बाद उन्हें औने-पौने दाम पर बेच देता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शहर के अलग-अलग स्थानों से कुल पांच चोरी की साइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी काफी समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और आसानी से साइकिल बेचकर पैसे कमा रहा था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं या चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी क्या भूमिका रही है।

सोनारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, बरामद साइकिलों की पहचान कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

Related Post