Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

मंदिर की दान पेटी चोरी की कोशिश नाकाम, रामू होटल चौक के पास गिरने पर चोर फरार*

चाईबासा: शहर में मंदिरों से दान पेटी चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रामू होटल चौक के पास का है, जहां एक अज्ञात चोर मंदिर की दान पेटी लेकर भाग रहा था, लेकिन भारी होने के कारण वह रास्ते में गिर गई और चोर मौके से फरार हो गया।

घटना के संबंध में भाजपा नगर महामंत्री रोहित दास ने बताया कि अज्ञात चोर नशे की हालत में था और पीले रंग की गंजी पहनकर दान पेटी को छिपाते हुए पैदल जा रहा था। इसी दौरान रामू होटल चौक के पास अचानक दान पेटी उसके हाथ से गिर गई। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक चोर वहां से भाग चुका था।

रोहित दास ने कहा कि इस तरह की घटनाएं चाईबासा के मंदिरों में लगातार हो रही हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि बरामद दान पेटी फिलहाल भाजपा कार्यालय में सुरक्षित रखी गई है। जिस मंदिर की यह दान पेटी है, उसके प्रतिनिधि प्रमाण के साथ आकर इसे प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर कोई दावा नहीं करता है, तो दान पेटी को थाना में जमा कर दिया जाएगा।

मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, वरिष्ठ नेता कामेश्वर विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related Post