Breaking
Wed. Apr 15th, 2026

टाटा–पटमदा मार्ग पर फिर हादसा, स्टंट के दौरान बाइक अनियंत्रित, दो युवक गंभीर

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर मंगलवार की रात एक और सड़क हादसे ने लोगों को चिंता में डाल दिया। बामनी गांव के सबर टोला के पास करीब पौने 8 बजे तेज रफ्तार और स्टंटबाजी के दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान पटमदा थाना क्षेत्र के सारी टोला, मोहनपुर निवासी रंजीत सिंह और देबू सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक पटमदा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में स्टंट करने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

गौरतलब है कि यह हादसा उसी स्थान से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ, जहां मंगलवार को ही ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई थी। एक ही दिन में एक ही इलाके में लगातार हुई इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Related Post