चाईबासा। मांगीलाल रूंगटा 10+2 प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में गुरुवार को विधिक सेवा और एचआईवी जागरूकता को लेकर दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और स्वास्थ्य से संबंधित जरूरी जानकारी दी गई।
पहले कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की ओर से विधिक सहायता केंद्र जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में ‘न्याय सबके लिए’ और ‘Access to Justice for All’ का संदेश दिया गया। प्राधिकार के पीएलवी और अधिवक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि समाज के गरीब, असहाय, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों और एससी-एसटी वर्ग के लोगों को सरकार की ओर से मुफ्त कानूनी सहायता, मुफ्त वकील और कानूनी सलाह उपलब्ध कराई जाती है।
इसी दिन विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचआईवी एवं यौन संचारी रोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), जिला स्वास्थ्य समिति, झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति तथा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी और यौन संचारी रोगों से बचाव तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की वरीय शिक्षिका प्रमिला टूटी, विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य, स्वास्थ्य विभाग की टीम और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में लेखा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, स्वास्थ्य विभाग की टीम और विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को अपने कानूनी अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने में मदद मिलती है।

