सेन्हा-लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में टाना भगत समुदाय ने भूमि अधिकारों और संवैधानिक प्रावधानों के पूर्ण क्रियान्वयन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सेन्हा प्रखंड मुख्यालय से महज 500 मीटर दूरी पर, सेन्हा थाना के समीप टाना भगतों ने लोहरदगा-गुमला मुख्य मार्ग (एनएच-143ए) को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा।प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उपायुक्त (डीसी) और मुख्यमंत्री मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। टाना भगत समुदाय पांचवीं अनुसूची के पूर्ण कार्यान्वयन और पारंपरिक भूमि अधिकारों की बहाली को लेकर लगातार आंदोलनरत है। उनका कहना है कि औपनिवेशिक नीतियों और जमींदारी व्यवस्था के कारण उनकी जमीनों पर अन्य लोगों का कब्जा हो गया है, जिसे वापस दिलाया जाए। सड़क जाम के कारण रांची, गुमला, लातेहार सहित अन्य जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सूचना मिलते ही प्रखंड प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन टाना भगत अपनी मांगों पर अडिग रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गौरतलब है कि टाना भगत समुदाय, जो महात्मा गांधी के अनुयायी माने जाते हैं, परंपरागत रूप से अहिंसक आंदोलन के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, हाल के दिनों में उनके आंदोलन का स्वरूप सड़क जाम के रूप में सामने आ रहा है, जिससे आमजन को असुविधा झेलनी पड़ रही है। टाना भगतों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
भूमि अधिकारों की मांग पर टाना भगतों का उग्र प्रदर्शन, एनएच-143ए घंटों जाम, यातायात ठप, प्रशासन हलकान

